डीएमएफ से 1.15 करोड़ रुपए की स्वीकृति, आगामी शिक्षा सत्र से जिले में खुलेंगे अंग्रेजी माध्यम के दो स्कूल
एक अप्रेल से होगा प्रवेश प्रारंभ, कलेक्टर ने दिए तैयारियों के निर्देश
एक अप्रेल से होगा प्रवेश प्रारंभ, कलेक्टर ने दिए तैयारियों के निर्देश
न्यूज सर्च@जांजगीर-चांपा। जिले में आगामी शिक्षा सत्र से अंग्रेजी माध्यम के दो स्कूल प्रारंभ किये जाएंगे। इन दोनों स्कूलों में एक अप्रेल से बच्चों की भर्ती शुरू की जाएगी। कलेक्टर जनक प्रसाद पाठक ने आज शैक्षणिक जिला जांजगीर तथा सक्ती के जिला शिक्षा अधिकारियों सहित अन्य शिक्षा अधिकारियों की बैठक आहूत कर इंग्लिश मीडियम स्कूल प्रारंभ करने के समुचित तैयारी के निर्देश दिये। जिले में पहला अंग्रेजी माध्यम स्कूल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 1 जांजगीर और दूसरा आदर्श शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सक्ती में प्रारंभ किया जा रहा है। इस दोनों अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में कक्षा पहली से तीसरी तक के अंग्रेजी हिन्दी माध्यम के किसी भी विद्यालय के बच्चों को एडमिशन दिया जाएगा। इसी प्रकार कक्षा 4 थी से कक्षा 12वीं तक अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों के बच्चों को प्रवेश देने की कार्यवाही की जाएगी। इस प्रकार नये शिक्षा सत्र 2020-21 में कक्षा पहली से बारहवीं तक के बच्चों के लिए शासकीय इंग्लिश मीडियम स्कूल खोला जा रहा है। कलेक्टर श्री जनक प्रसाद पाठक ने उक्त दोनों अंग्रेजी माध्यम स्कूल भवन को आकर्षक और बुनियादी सुविधाओं से युक्त बनाने लोक निर्माण विभाग को स्टीमेट तैयार कर 8 मार्च तक प्रस्तुत करने कहा है। शासकीय इंग्लिश मिडियम स्कूल शुरू करने आधार भूत सुविधाओं के विकास के लिए कलेक्टर ने डीएमएफ से एक करोड़ पंद्रह लाख रुपए की स्वीकृति दी है।
कलेक्टर ने दोनों जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित कर कहा कि वे कक्षा पहली से 12वीं तक के बच्चों की संभावित दर्ज संख्या एवं आवश्यकता के अनुसार पर फर्नीचर ,स्वीकृत सेटअप के मुताबिक प्राचार्य, शिक्षक तथा अन्य स्टाफ की नियुक्ति लायब्रेरी हेतु आवश्यक पुस्तकें, आदि की मांग संबंधी प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करें।
पठन कौशल का विकासः- जिले के सभी स्कूलों के बच्चों में पठन कौशल के विकास के लिए माह अप्रेल से प्रतिदिन पठन कौशल अभियान का संचालन किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक प्राथमिक शाला के लिए निकट के उच्च प्राथमिक शाला के एक शिक्षक को मेंटर के रूप में नियुक्त किया जाएगा। कलेक्टर ने संकुल स्तर पर कार्यशाला आयोजित करने और पठन कौशल के सफल क्रियान्व्यन के लिए विद्यालयों में अन्य पठन साम्रगी जैसे- चंपक, बाल पत्रिका, किलोल, रोचक कहानियां एवं मुस्कान पुस्तकालय में समय-समय पर उपलबध कराई गई पुस्तकों को शामिल करने के निर्देश दिये हैं। पठन कार्य को सुरूचि पूर्ण और आनंददायक बनाने हेतु खेल एवं खेल से जुड़ी अन्य गतिविधियों का भी समावेश किया जाएगा। पठन कौशल के सफल संचालन के लिए संकुल स्तर पर समीप के हाई, हायर सेकेण्डरी स्कूलों के प्राचार्यो, खंड स्तर पर खंड शिक्षा, सहायक खंड शिक्षा अधिकारियों खंड स्त्रोत समन्वयकों तथा जिला स्तर पर जिला शिक्षा अधिकारी, मिशन समन्वयक प्राचार्य डाइट सहित जिला स्तरीय विभागीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जा रहा है। बच्चों में पठन कौशल विकास की सभी गतिविधियों की सतत गहन मानिटरिंग की जाएगी। पठन कौशल के विकास से संबंधित सभी गतिविधियों की आन लाइन मानिटरिंग होगी। पठन कौशल के विकास के लिए शिक्षकों को उनकी गतिविधियों पर आधारित आधे मिनट का विडियो प्रतिदिन वेबसाइट पर अपलोड करना होगा।कलेक्टर ने सभी बीईओ को निर्देशित कर कहा है कि वे मुस्कान पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों का भौतिक सत्यापन कर 20 मार्च तक अनिवार्य रूप से प्रमाण पत्र प्रस्तुत करें।
पढ़ने की प्रतियोगिता हेतु तिथि तयः- प्रत्येक स्कूल में 18 से 20 अप्रेल तक पठन कौशल की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता के निर्णायक की भूमिका स्थानीय माताओं, जनप्रतिनिधियों को दी जाएगी। यह प्रतियोगिता संकुल स्तर पर 21 अप्रेल से 24 अप्रेल 2020, खंड स्तर पर 25 अप्रेल से 27 अप्रेल, जिला स्तर पर 28 से 30 अप्रेल तथा राज्य स्तर पर मई 2020 में आयोजित की जाएगी। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ तीर्थराज अग्रवाल भी उपस्थित थे।

