जिला प्रशासन के साथ मिलकर कोरोना अभियान में काम करने 5 हजार रेडक्रॉस वालेंटियर्स की टीम तैयार
रेडक्रास दिवस पर विशेष
न्यूज़ सर्च@रायपुर. कोविड 19 वायरस की रोकथाम और लोगों की जान बचाने में रेडक्रास वालेंटियर्स की भूमिका भी किसी से कम नहीं है। उन्होंने जिला प्रशासन की टीम के साथ मिलकर कोविड 19 के संक्रमण को रोकने और लॉकडाउन से प्रभावित लोगों को राहत देने के कार्य में अहम भूमिका अदा की है। रेडक्रॉस वालेंटियर्स ने अब तक 29 हजार लोगों तक राहत पहुंचाने का कार्य किया है। उनकी इस सराहनी भूमिका के लिए इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी छत्तीसगढ़ के चेयरमेन सोनमणी बोरा ने उनका अभिनंदन भी किया है।चेयरमेन बोरा ने पत्रिका से विशेष बातचीत में बताया कि जिला प्रशासन के नेतृत्व में सभी जिलों में रोडक्रॉस की टीम कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि जिला कलेक्टरों के निर्देश पर कोविड-19 के संक्रमण की रोकथाम में प्रदेश में 1200 रेडक्रॉस वालेंटियर्स वर्तमान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इनके द्वारा अब तक 29000 लोगों को राहत पहुचायी गयी है। राजधानी रायपुर की बात की जाए तो यहां भी रेडक्रास वालेंटियर्स की भूमिका अन्य कर्मवीरों से कम नहीं है। राज्य शाखा के वालेंटियर्स द्वारा पुराने फ्लेक्स में कोविड-19 के संक्रमण एवं रोकथाम हेतु जन जागरूकता के सन्देश दिए जा रहे हैं। इतना ही नहीं उनके द्वार सभी सार्वजनिक क्षेत्रों में जा-जाकर गोला बनाने का काम किया गया है। इससे लोग इन गोलों में खड़ेकर शोसल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे हैं। इसके साथ वालेंटियर्स द्वारा लोगों को घर-घर जाकर मदद पहुंचाई जा रही है। उनके द्वारा वृद्धाश्रम, अनाथालय व अन्य इसी तरह के जगहों में जरूरतमंदों तक भोजन, राशन व दवाएं पहुंचाने का काम किया जा रहा है।


