यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण के बाद गाड़ी में दिया गया प्रवेश
न्यूज़ सर्च@रायपुर:- रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार अनुसार 12 मई से 15 जोड़ी गाड़ियों का परिचालन नई दिल्ली से देश के विभिन्न क्षेत्रों में किया जा रहा है। गाडी संख्या 02442/02441 नई दिल्ली-बिलासपुर-नई दिल्ली स्पेशल सुपरफास्ट एक्सप्रेस का परिचालन भी किया जा रहा है। इस गाड़ी का परिचालन नई दिल्ली से प्रत्येक मंगलवार व शनिवार तथा बिलासपुर से प्रत्येक सोमवार व गुरुवार को किया जा रहा है।आज 14 मई गुरूवार को गाडी संख्या 02441 बिलासपुर से नई दिल्ली के लिये दोपहर 14.40 बजे रवाना हुई। इस गाडी में रायपुर से 481 यात्री एवं 06 बच्चें सवार हुये। कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम हेतु सुरक्षा के सभी मानकों के अनुपालन हेतु इस गाडी में यात्रा करने वाले सभी यात्रियों को सोशल डिस्टेन्सिंग के साथ टिकट चेकिंग उपरांत स्क्रीनिंग व स्वास्थ्य परीक्षण के साथ ट्रेन में सुरक्षित प्रवेश कराने के सारे प्रबंध रेलवे प्रशासन द्वारा योजनाबद्ध तरीके से किये गये थे। सभी को बेरिकेटिंग व मार्किंग के साथ लाइन बनाकर स्वास्थ्य परीक्षण काउंटर तक ले जाया गया। इन काउंटरों में सभी यात्रियों का बारी-बारी से थर्मल स्क्रीनिंग व अन्य परीक्षण किया गया। सभी यात्रियों को वाणिज्य विभाग व सुरक्षा विभाग के कर्मचारियों के मार्गदर्शन में ट्रेन में प्रवेश कराया गया।


