थाना प्रभारी के पास फरियाद लेकर आने से भी डर रहे लोग
न्यूज सर्च@दुर्ग. तीन पुलिस कर्मियों को कोरोना होने के बाद से पूरा का पूरा पुलिस महकमा दहशत के साय में ड्यूटी कर रहा है। सबसे बुरा हाल तो नेवई थाने का है। पुलिस प्रशासन ने जहां पूरे थाने को सील कर दिया है तो वहीं थाना प्रभारी थाने के सामने टेंट लगाकर लोगों की फरियाद सुनने के लिए बैठ रही हैं। मीडिया में खबर आने के बाद हालत यह है कि अब लोग थाने जाने से भी डरने लगे हैं। लोगों का तो यहां तक कहना है कि छोटे-मोटे झगड़े और मामले वह लोग आपस में ही निपटा ले रहे हैं।नेवई थाना प्रभारी चित्रा वर्मा इस हालात में भी डटी हुई हैं। वह अपनी टीम के साथ टेंट में पूरी मुस्तैदी के साथ लोगों की समस्या दूर करने के लिए ड्यूटी कर रही हैं। टीआई चित्रा ने बताया कि शुक्रवार को एक फरीयादी घरेलू समस्या लेकर पहुंचा। उससे जब बताया गया कि कोरोना के कारण थाना सील कर दिया गया है। मामला पुराना है। एक दो दिन बाद आ जाओ तो वह बिना देर किए कोरोना के डर से चला गया। इसके बाद एक भी फरियादी थाना नहीं पहुंचा।
संघर्ष की घड़ी में हम खड़े है
चित्रा वर्मा ने कहा कि यह सभी के लिए संघर्ष की घड़ी है। कोरोना को लेकर भय न पाल कर सावधानी बरतें। यही वह अपनी टीम और दूसरे लोगों को समझा रही हैं। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर टेंट लगाकर कार्य कर रहे हैं। तीनों कोरोना पॉजिटिव पुलिस कर्मियों को कोविड हॉस्पिटल भेजा गया है। इसके साथ ही 2० पुलिसकर्मियों को होम आइसोलेट किया गया है। थाने का काम प्रभावित न हो इसके लिए पुलिस लाइन से एक हवलदार और चार आरक्षक को बुलाया गया है।


