बिहार से आए थाना प्रभारी के सास ससुर मिले कोरोना संक्रमित
न्यूज़ सर्च@रायपुर. प्रदेश में स्वास्थ्य कर्मचारियों के संक्रमित होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हालत ये है कि दुर्ग जिले के नेवई थाना को सील करने के बाद अब राजधानी के पुरानी बस्ती थाना को सील किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर और कर्मचारियों को भी कोरोना हो रहा है। राजनांदगांव जिले में विधायक सहित तीन डॉक्टर को कोरोना होने की पुष्टि हुई है। इसके बाद से पूरे राज्य में हाहाकार मचा हुआ है।जानकारी के अनुसार राजधानी के पुरानी बस्ती थाने में पदस्थ टीआई राजेश सिंह के सास-ससुर मुजफ्फरपुर (बिहार) से 19 जून को रायपुर पहुंचे थे। स्वास्थ्य विभाग ने दोनों के सैंपल लेकर पेंशनबाड़ा स्थित सरकारी आवास में होम क्वारंटाइन किया था। सोमवार की देर शाम सास-ससुर की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। देर रात तक किसी को इसकी भनक नहीं लगी। मंगलवार को इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस विभाग के आला अधिकारियों के निर्देश पर थाने को सील कर दिया गया। टीआई के साथ थाने के सभी जवानों और अधिकारियों की सैंपलिंग कर होम क्वारंटाइन किया गया है। थाना परिसर में ही पुरानी बस्ती के सीएसपी का ऑफिस है। ऑफिस को सील कर सीएसपी विक्रम ध्रुव का सैंपल लेकर होम क्वारंटाइन किया गया है। पुरानी बस्ती के कामकाज की जिम्मेदारी टिकरापारा, आजाद चौक और डीडी नगर थाने को सौंप दिया गया है। अब लोगों को अपनी शिकायत इन थानों में करनी होगी। राजधानी में ये दूसरा थाना हैं, जिसे सील किया गया है। इसके पहले प्रधान आरक्षक के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद मंदिरहसौद थाने को सील किया गया था।


