* रायपुर पुलिस के सामने आया चौंकाने वाला मामला, जांच शुरू
न्यूज सर्चरायपुर. अपनी बॉडी बनाने के लिए राजधानी के युवा नशे की गिरफ्त में जा रहे हैं। वह जल्द सिक्स पैक बनाने के लिए बिना डॉक्टर की सलाह के विटामिन और हार्मोनल दवाएं ले रहे हैं। इससे धीरे-धीरे वह इन दवाओं की गिरफ्त में जाकर नशे के आदी होते जा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला रायपुर पुलिस के सामने आया। इसमें एक पिता ने थाने में रिपोर्ट लिखवाई है। इसके बाद से पुलिस जांच में जुट गई है।
गौरतलब है कि मोहबा बाजार निवासी मोहन सिंह ठाकुर ने आजाद चौक थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी है कि उसका बेटा संदीप जिम चलाता है। उसे बॉडी बनाने का काफी शौक है, जिसके चलते वह आए दिन दवाएं लाकर खाता रहता थी. इसी दौरान उसकी मुलाकात सुमीत राय चौधरी व नीलेश परमार से हुई। उन्होंने उसे ेक इंजेक्शन व दवा दी और कहा कि इसके सेवन से उसकी बॉडी जल्द से जल्द बन जाएगी। संदीप ने उस दवा और इंजेक्शन का सेवन गत एक अगस्त से 9 नवंबर के बीच चार महीने तक किया। इससे संदीप की बॉडी में विपरीत प्रभाव देखने को मिले और धीरे-धीरे उसकी तबीयत खराब होने लगी। इसके बाद जब उसकी हालत खराब हुई तो उसे गंभीर अवस्था में सुयश अस्पताल में भर्ती कराया गया। पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 308, 326, 34 के तहत अपराध कायम कर लिया है। पुलिस अब इस मामले की तह पर जाने के लिए जांच कर रही है कि यह दवाएं आई कहां से और क्या इसे मेडिकली बेचने की मान्यता मिली थी या नहीं।
सो रहा है औषधि विभाग
बाजार में मानक दवाएं ही बिकें इसकी निगरानी की जिम्मेदारी औषधि विभाग की होती है। शिकायत पर पुलिस भी इसकी जांच करती है, लेकिन दोनों इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। औषधि विभाग की नाकामी के चलते लोग ऐसा अमानक दवाओं को गलत तरीके से बेच रहे हैं। वह युवाओं को बॉडी बनाने का लालच देकर उन्हें नशे की गिरफ्त में ढकेल रहे हैं।


