वार्ड 65 महामाया मंदिर वार्ड से कर रही थी दावेदारी, टिकट न मिलने के संकेत से फफक-फफक कर रोई
न्यूज़ सर्च@रायपुर. नगरीय निकाय चुनाव के चलते रायपुर नगर निगम अंतर्गत भाजपा ने अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। कांग्रेस ने अभी अपने पत्ते नहीं ओपन किए हैं। इससे पहले ही यहां गुरुवार को जोरदार हंगामा देखने को मिला। राजीव भवन में वार्ड 65 से दावेदारी कर रही कांग्रेस नेत्री को जैसे ही यह पता चला कि उसे टिकट नहीं मिल रहा वह फफक फफक रोने लगी। उसने बड़े कांग्रेसी नेता से रो-रोकर अपनी व्यथा बताई और कहा कि वह अपने बच्चों की कसम खाकर कहती है कि यदि उसे टिकट नहीं मिला तो वह अपनी जान दे देगी। ऐसे में कांग्रेस के नेता सकते में हैं और गुरुवार को जारी होने वाली प्रत्याशियों की सूची देर रात तक नहीं जारी हो सकी। सभी नेता इस बात से डरे हैं कि यदि कांग्रेस नेत्री ने खुदकुशी जैसा कदम उठा लिया तो पार्टी की काफी किरकिरी हो जाएगी।
गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से स्थानीय कांग्रेसी विधायकों सहित राजीव भवन में पार्षद के टिकट की दावेदारी कर रहे उम्मीदवारों की खासी भीड़ देखी जा रही है। गुरुवार को भी रोज की तरह महामाया मंदिर वॉर्ड से दावेदारी कर रही कांग्रेस नेत्री सोनिया यादव राजीव भवन पहुंची। उन्हें किसी ने कहा कि उन्हें इस बार टिकट नहीं मिलेगा, इससे वह वहीं पर रोने लगी। उन्होंने भीड़ के बीचो-बीच धमकी दे डाली कि उसे टिकट नहीं मिला तो वह अपनी जान तक दे देगी। मीडिया से बातचीत में उसने यही बात कही।

