किसानों को धान बेचने में कोई असुविधा न हो- कृषि मंत्री
किसानों से चर्चा कर बेहतर व्यवस्था बनाने के लिए सुझाव लिए
न्यूज सर्च@जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ शासन के कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे, सहकारिता एवं स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, परिवहन व वन मंत्री मोहम्मद अकबर ने आज संयुक्त रूप से बम्हनीडीह तहसील के तालदेवरी धान खरीदी केन्द्र का निरीक्षण किया। उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। टोकन व्यवस्था, तौल व्यवस्था, खरीदे गए धान का उठाव एवं किसानों को किए गए भुगतान के बारे में जानकारी ली। कृषि मंत्री ने धान बेचने आए ग्राम तालदेवरी की महिला कृषक मेलाबाई से चर्चा की। मेलाबाई ने बताया कि उसने अपने ढाई एकड़ कृषि भूमि के उत्पादित किए गए धान में से 33 क्विंटल धान बेचने आई है। इसके लिए उसने 21 जनवरी को टोकन कटवा लिया था। आज बिना इंतजार किए उसके धान की तौलाई की जा रही है। वो धान खरीदी व्यवस्था से संतुष्ट है। श्री चौबे ने धान खरीदी केन्द्र परिसर में किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली योजना है। किसी भी किसान को धान बेचने में दिक्कत नहीं होनी चाहिए। किसानों की सहुलियत का विशेष ध्यान रखने के लिए मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मंत्रीमंडल की उप समिति का गठन किया गया है। जिसके सदस्यों द्वारा धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। इस अवसर पर सहकारिता मंत्री डॉ टेकाम और चन्द्रपुर विधायक रामकुमार यादव ने भी धान खरीदी के संबंध मे किसानों से चर्चा की। कलेक्टर जनक प्रसाद पाठक ने अवगत कराया कि जिले में लक्ष्य के विरूद्ध अब तक 75 प्रतिशत धान की खरीदी हो चुकी है। शेष खरीदी निर्धारित तारीख तक कर ली जाएगी। कलेक्टर ने बताया कि रकबा पंजीयन से संबंधित सभी शिकायतों का निराकरण करा लिया गया है।


