न्यूज़ सर्च@रायगढ़:- रायगढ़ के कांग्रेसी नेताओं ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की वह बात याद दिलाई है जिसमें उन्होंने विधानसभा के दौरान राहुल गांधी से यह मांग की थी कि विधानसभा चुनाव के उम्मीदवारों का आवेदन करने वालों को पहले अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष को पत्र लिखकर यह कहा कि कांग्रेस के पदाधिकारियों के चुनाव लड़ने से पहले स्वेच्छा से अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे देना चाहिए।
पत्र में मरकाम को यह बताया गया कि विधानसभा चुनाव के कुछ महीने पहले तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल ने चुनाव में टिकट वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए टिकट के इच्छुक कांग्रेस पदाधिकारियों को अपने पद से इस्तीफा देने को कहा था। इतना ही नहीं यह हुआ भी था। जिसके फलस्वरूप कांग्रेस सत्ता में आई। ठीक यही प्रक्रिया अब निगम चुनाव में उम्मीदवारी के लिए अपनाने की मांग की जा रही है। रायगढ़ के कांग्रेसी नेताओं ने मुख्यमंत्री की आड़ में जो नया पासा फेंका है, यदि यह चला तो कई कांग्रेसी नेताओं को अपने पदों से न सिर्फ हाथ धोना पड़ेगा बल्कि यदि वह चुनाव हारे या उनकी टिकट कटी तो उन्हें अपने पुराने पद से भी हाथ धोना पड़ेगा।
दूसरी तरफ चर्चा इस बात की भी हो रही है कि कुछ युवा नेता इस आस में बैठे हैं कि कब सालों से अहम पदों पर कब्जा जमाए बैठे नेता हटें और उन्हें भी अपना प्रतिनिधित्व दिखाने का मौका मिले।


