सोमवार से शनिवार, सवेरे 10 से 12 बजे अलग-अलग विभागों के सुपरस्पेश्लिस्ट डॉक्टर करेंगे इलाज
न्यूज़ सर्च@रायपुर:- रायपुर जिला अस्पताल में मरीजों को सुपरस्पेश्लिस्ट डाक्टरों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही है। निजी अस्पतालों के विभिन्न विभागों के 17 विशेषज्ञ यहां नियमित रूप से मरीजों का इलाज करेंगे। जिला अस्पताल द्वारा इलाज के लिए आने वाले सुपरस्पेश्लिस्ट डाक्टरों का विभागवार और दिनवार रोस्टर तैयार किया गया है। जिला अस्पताल के विशेषज्ञों के साथ ही अब लोगों को निजी क्षेत्र के नामी हृदय रोग, किडनी रोग, अस्थि रोग, रक्त रोग, न्यूरोलॉजी, लेप्रोस्कोपिक सर्जन, गैस्ट्रो (मेडिसीन एवं सर्जरी), दर्द प्रबंधन (Pain Management) तथा कान-नाक-गला विशेषज्ञों की सेवाएं निःशुल्क मिलेंगी।उल्लेखनीय है कि स्वास्थ्य मंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव ने शासकीय अस्पतालों में सुपरस्पेशियालिटी इलाज उपलब्ध कराने निजी क्षेत्र के विशेषज्ञों की सेवाएं लेने के निर्देश दिए थे। उनकी पहल पर रायपुर जिला अस्पताल में 1 जनवरी से चार सुपरस्पेश्लिस्ट डाक्टरों के साथ शुरू इस सुविधा का अब विस्तार किया गया है। रायपुर जिला अस्पताल में 17 विभागों के विशेषज्ञ अलग-अलग दिन सवेरे 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक मरीजों को निःशुल्क ओपीडी सेवाएं देंगे।


