राजकुमार की राजशाही से ग्रामीण परेशान
पीएम की योजना को पलीता लगा रहा पेंड्री सरपंच
शौचालय निर्माण प्रोत्साहन राशि में बंदरबांट का आरोप
न्यूज सर्च@जांजगीर-चांपा। जिला मुख्यालय से लगे ग्राम पंचायत पेंड्री के ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के सरपंच व सचिव पर मनरेगा के तहत आज तक कई घरों में शौचालय नहीं बनाने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही शौचालय निर्माण के लिए आई राशि को सरपंच व सचिव के द्वारा बंदरबांट करने का भी आरोप है। लोगो की माने तो गांव के ऐसे कई घर हैं जहाँ शौचालय का निर्माण नहीं कराया गया है, जिस कारण उसका परिवार परेशान है। ऐसे में उनको बाहर खुले में शौच करने की मजबूरी है। ग्रामीणों की माने तो सरपंच के आगे किसी की कुछ नही चलती है। सरपंच के रसूख के चलते कोई ग्रामीण सामने आने से कतराते हैं। लोगों के द्वारा कई बार शौचालय निर्माण के प्रोत्साहन राशि व घर में शौचालय बनाने को लेकर सरपंच राजकुमार कश्यप को कहा गया, लेकिन सरपंच के कान में जूं तक नही रेंग रही। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि ग्राम पंचायत पेंड्री के मुखिया व सचिव अपने कर्तव्यों का पालन करने कितने गंभीर हैं। पेंड्री के सरपंच राजकुमार कश्यप की राजशाही से गांव की जनता त्रस्त है। इसको लेकर ग्रामीणों द्वारा सरपंच सचिव के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी भी चल रही है। लोगो का कहना है कि राशि नही मिलने पर कलेक्टोरेट का घेराव करने बाध्य होंगे।
खाते में राशि आने की बात और कितनो को दी नगद राशि
ग्रामीणों ने शौचालय निर्माण की प्रोत्साहन राशि के संबंध में कई मर्तबा सरपंच सचिव को अवगत कराया गया। मगर उनका एक ही रटा रटाया जवाब रहता है कि शौचालय निर्माण की प्रोत्साहन राशि खाते आ जाएगी, लेकिन कब आएगी इसका कोई जवाब नहीं रहता वहीं राशि को लेकर कुछ लोगों ने विरोध जताया तो नगद राशि सरपंच के द्वारा भुगतान किया गया है। ऐसे में सरपंच की कार्यप्रणाली संदेह के दायरे में आ गई है।सरपंच को कॉल रिसीव करने से परहेज
शौचालय निर्माण की राशि के संबंध में जानकारी लेने। गांव के मुखिया राजकुमार कश्यप से उनके मोबाइल नंबर पर कॉल किया गया, मगर उन्होंने कॉल रिसीव करना भी मुनासिब नहीं समझा। इससे सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह अपने दायित्वों को किस कदर निभा रहे हैं।
कुछ राशि आई है कुछ बाकी है। राशि का भुगतान किया गया है। राशि मिलने पर बचे लोगों के खाते में भी राशि आ जाएगी।संतोष कश्यप, सचिव ग्राम पंचायत पेंड्री


